COVID-19

देश में कोरोनावायरस (COVID- 19) के 1251 मामले, 24 घंटों में तीन मौतें

देश में कोरोनावायरस (COVID- 19)  के 1251 मामले सामने आये हैं।

देश में पिछले 24 घंटों के दौरान  कोरोनोवायरस या COVID- 19 के  227  नए पुष्ट मामले सामने आए हैं।  इसके साथ अब कुल मामलों की संख्या 1251 हो गई है।

नई दिल्ली में 31 मार्च, 2020 को मीडिया को जानकारी देते हुए संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा, पिछले 24 घंटों में तीन मौतें गुजरात, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश में हुई है।

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद, ICMR के डॉ रमन आर गंगाखेडकर ने कहा, अब तक 42 हजार से अधिक नमूनों का परीक्षण किया गया है।

उन्होंने कहा, 123 प्रयोगशालाएं क्रियाशील हैं और 49 निजी प्रयोगशालाओं को मंजूरी दी गई है। उन्होंने बताया कि कल निजी लैबों में 399 मरीजों की जांच की गई।

गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा, विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 21 हजार से अधिक राहत शिविर स्थापित किए गए हैं जो 6 लाख से अधिक लोगों को आश्रय दे सकते हैं।

उन्होंने कहा, 23 लाख से अधिक लोगों, फंसे हुए प्रवासी कामगारों, संगरोधित( quarantined)  श्रमिकों और अन्य जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए के खाने का प्रबंध किया गया है।