BJP Chief Amit Shah

भाजपा का चुनावी शंखनाद, दो तिहाई बहुमत का माहौल तैयार

सहारनपुर, 5 नवंबर | उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने शनिवार को सहारनपुर में चुनावी शंखनाद किया। इस मौके पर अमित शाह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पश्चिमी यूपी ने जीत दिलाई, अब यहीं से परिवर्तन यात्रा के जरिए दो तिहाई बहुमत का माहौल तैयार हो जाएगा।

सहारनपुर में परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाने के बाद उन्होंने जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार की नींव डाली जा रही है, वह भी पूर्ण बहुमत से। समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने उप्र का विकास रोका। भाजपा शासित राज्यों में किसानों को 24 घंटे बिजली मिल रही है। उप्र में जंगलराज कायम है।

शाह ने कहा कि सपा सरकार में सबसे ज्यादा घोटाला हुआ। मथुरा कांड हुआ, दरोगा भर्ती, बुलंदशहर की घटना हुई, वहीं यहां के लोग पलायन कर रहे हैं। भाजपा सरकार बनने पर कोई घर नहीं छोड़ेगा। अखिलेश कहते थे कि मुख्तार पार्टी में नहीं आएगा, लेकिन आज अतीक, अफजाल, सब भरे पड़े हैं।

इससे पूर्व मंच पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। यहां सबसे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने पर लोगों को हरियाणा की तरह ही भ्रष्टाचार से मुक्ति मिलेगी।

भाजपा की परिवर्तन रैली में पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि पिछले करीब डेढ़ दशक से उप्र भ्रष्टाचार में जकड़ा हुआ हैं। अब भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए सर्जिकल स्ट्राइक जरूरी है। उप्र में भाजपा की सरकार बनी तो हरियाणा की तरह यहां भी भ्रष्टाचार समाप्त होगा।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में गन्ना किसानों को 14 दिन में भुगतान हो रहा है। उप्र में भाजपा की सरकार बनने पर गन्ना किसानों की समस्या समाप्त होगी। उप्र से बड़े पैमाने पर पापुलर की लकड़ी हरियाणा जाती है।

मनोहर लाल ने कहा कि यदि किसानों को कम रेट मिल रहा है तो इसके लिए उनकी सरकार नहीं, बल्कि औद्योगिक इकाइयां जिम्मेदार हैं। यदि उप्र में लकड़ी बेस इकाइयां स्थापित हों तो किसानों को प्रोत्साहन मिलेगा, पर उप्र सरकार ने ऐसा नहीं किया।

–आईएएनएस