Congress President said, Modiji has understood that his Government is about to go

कांग्रेस अध्यक्ष बोले, मोदीजी समझ गए हैं कि उनकी कुर्सी जाने वाली है

मालदा/सुजापुर, पश्चिम बंगाल, 05 मई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकर्जुन खरगे ने कहा कि अभी तक हुए चुनाव में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में भारी वोट पड़ा है। ये बात मोदीजी को समझ में आ गई है कि उनकी कुर्सी जाने वाली है। उनकी ज़मीन खिसक रही है जिसे बचाने के लिए वो बार- बार झूठ बोल रहे है।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि मोदी कभी कहते हैं कि कांग्रेस किसान की भैंस छीन लेंगी, कभी कहते हैं कि मंगलसूत्र चुरा लेंगी, कभी संपत्ति ले लेंगी। आप सब जानते हैं हमारा सामाजिक न्याय का नारा किसी की संपत्ति छीनने का नारा नहीं है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बैंकों का राष्ट्रीयकरण इंदिराजी की देन था क्योंकि वे गांव, गरीब और किसानों की मदद चाहती थीं। और यह बरकत दा का ही विजन था कि गांवों में राष्ट्रीयकृत बैंकों की शाखाएँ पहुंचीं। मालदा में इन बैंकों से ही किसानों को साहूकारों के चंगुल से छुटकारा मिला। पढ़े-लिखे नौजवानों को छोटी-छोटी वर्कशॉप, फैक्ट्रियां लगाने के लिए भी बरकत दा ने प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि तब आरएसएस और जनसंघ इसका विरोध करते हुए अफवाहें फैला रहे थे कि कांग्रेस गरीबों की संपत्ति हड़प लेगी।

खड़गे ने कहा कि भारत के राजनीतिक इतिहास में मालदा के सपूत एबीए गनी खान चौधरी का बहुत बड़ा योगदान रहा है। आठ बार उन्होंने संसद में इस इलाके का प्रतिनिधित्व किया।

इसके पहले वो 6 बार विधान सभा के सदस्य भी रहे। पश्चिम बंगाल और खास तौर पर मालदा के विकास में उनका ऐतिहासिक योगदान रहा है।

खड़गे ने कहा कि बरकत दा ने 1972 में पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद कहा था कि उनके जीवन का एक खास सपना है, मालदा का विकास और मालदावासियों के जीवन में खुशहाली और तरक़्क़ी। बरकत दा ने बाढ़ और कटाव रोकने के लिए नदियों पर बांध बनवाये। लोगों के आवागमन के लिए कई पुल बनवाये।

हसेम खान चौधरी साहब ने भी गंगा नदी का कटाव को रोकने और ग्रामीणों को पीने का साफ पानी मुहैया कराने के लिए योजना की पहल की।

बरकत दा केंद्र में रेलवे, सिंचाई, बिजली और कोयला मंत्री रहे। मैं खुद रेलवे मिनिस्टर रहा हूं। बरकत दा ने यहां के लिए बहुत काम किया, लोगों को रोजगार दिया। सर्कुलर रेल और देश की पहली मेट्रो रेल कोलकाता मेट्रो उनकी ही देन है। एनटीपीसी फरक्का उनकी देन है।

खड़गे ने जानकारी दी कि उनके निधन के बाद आपने उनके भाई हसेम खान चौधरी साहब को लगातार 4 बार सांसद चुन कर भेजा। उन्होंने बरकतदा की परंपराओं को आगे बढाया।

यहाँ का गनी खान चौधरी Institute of Engineering and Technology इस इलाक़े में शैक्षिक उत्कृष्टता के लिए मशहूर है। यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधीजी और पूर्व PM डॉ मनमोहन सिंहजी ने इसकी आधारशिला रखी थी।

गनी खान परिवार भाईचारे, एकता, और धर्मनिरपेक्षता के नाते देश भर में अपनी अलग पहचान रखता है। सबके विकास के प्रति इनका समर्पण है।