Virbhadra

भाजपा के झूठे वायदों पर विश्वास न करें : वीरभद्र सिंह

चम्बा, हिमाचल, 17 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने रविवार को चम्बा जिला के डलहौजी विधानसभा क्षेत्र में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए लोगों को आगाह किया कि भाजपा के झूठे वायदों पर विश्वास न करें, क्योंकि भाजपा नेता हमेशा बांटने की नीति पर विश्वास करते हैं और अगर चाहें भी, तब भी सच्चाई के रास्ते पर नहीं चल सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों के साथ उनका संबंध राजनीतिक नहीं है बल्कि वह मन से उनके साथ जुड़े हुए हैं। भाजपा क्षेत्रवाद, जाति और धर्म की राजनीति करती है और प्रदेश व प्रदेशवासियों के कल्याण का कभी नहीं सोचती।

वीरभद्र सिंह ने कहा कि आज भारत में मुसलमानों की जनसंख्या पाकिस्तान से ज्यादा है। भाजपा नेताओं को क्षेत्रवाद और जातिवाद के आधार पर लोगों की आलोचना करने का कोई अधिकार नहीं है। भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और हमेशा रहेगा।

उन्होंने कहा कि लोगों ने अपने प्राण न्यौछावर कर आजादी हासिल की है तथा लोगों को छोटी सोच वाले नेताओं के बहकावे में नहीं आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि केन्द्रीय नेतृत्व के साथ मिलकर मिलीभगत से प्रदेश भाजपा के नेता मेरे विरुद्ध तीन जांच एजेंसियों से एक मामले ही की जांच करवा रहे हैं। जब प्रेम कुमार धूमल मुख्यमंत्री थे, उन्होंने दो बार मेरे खिलाफ झूठे मामले बनाए जिनका सामना अदालत में किया और मुझे बाई इज्जत बरी किया किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत झूठे आरोप लगाना और उनकी व्यक्तिगत आलोचना करना भाजपा की सोची-समझी रणनीति रही है।