एग्जिट पोल : पंजाब में कांग्रेस तो उत्तराखंड में भाजपा को बढ़त

नई दिल्ली, 9 मार्च | पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मतदान बाद किए गए पांच सर्वेक्षणों में कांग्रेस को बढ़त दिखाया गया है जबकि आम आदमी पार्टी (आप) को दूसरे नंबर पर दिखाया गया है। सर्वेक्षणों में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। आजतक-सिसेरो के अनुमान के मुताबिक, पंजाब की 114 सदस्यीय सीटों में कांग्रेस को 62-71 सीटें, आम आदमी पार्टी को 42-51 सीटें, सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन को 4-7 सीटें और अन्य को 0-2 सीटें मिलती दिख रही हैं।

कांग्रेस के बाद राज्य में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

सी वोटर के एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी को 117 में से 63 सीटें मिलती दिख रही हैं। कांग्रेस को 45 सीटें और अकाली-भाजपा गठबंधन को को महज नौ सीटें मिली हैं।

इंडिया टुडे के एग्जिट पोल में कांग्रेस को 62-71 सीटें, आम आदमी पार्टी को 42-51 सीटें, सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन को 4-7 सीटें जबकि अन्य के खाते में 0-2 सीटें जाती दिख रही हैं।

इंडिया न्यूज-एमआरसी के एग्जिट पोल में कांग्रेस को 55 सीटें, आम आदमी पार्टी को 55 सीटें, सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन को 7 सीटें जबकि अन्य के खाते में 0 सीटें मिलने की बात कही गई है।

न्यूज 24-टुडेज चाणक्या के सर्वे में कांग्रेस को 54, आम आदमी पार्टी को 54 सीटें, सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन को 9 सीटें मिलने की बात कही गई है।

वहीं, उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को सामने आए विभिन्न एजेंसियों द्वारा किए गए एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को भारी बहुमत मिलता दिख रहा है। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के सर्वे में 70 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा को 46 से 53 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। इसके मुताबिक, सत्तारूढ़ कांग्रेस को 12 से 21 सीटें मिल सकती हैं, जबकि अन्य को छह सीटों पर जीत मिल सकती हैं।

लेकिन, इंडिया टीवी-सी वोटर का सर्वे भाजपा और कांग्रेस के बीच बराबर की टक्कर मान रहा है। इस सर्वे में भाजपा और कांग्रेस को बराबर-बराबर 29 से 35 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।

न्यूज24-टुडे-चाणक्य के एग्जिट पोल में भाजपा को 53 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है, जबकि कांग्रेस को 15 सीटें मिल सकती हैं। अन्य के हिस्से दो सीटें जाती दिखाई गई हैं।          –आईएएनएस