जे.एन सिंह गुजरात के मुख्य सचिव बने

अहमदाबाद, 30 जुलाई (जस)। भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. जे.एन. सिंह गुजरात सरकार के मुख्य सचिव बनाए गए हैं। डॉ. सिंह 1983 बैच के गुजरात कैडर के आईएएस अफसर हैं।

शनिवार को गुजरात सरकार द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि डॉ. जे.एन. सिंह को गंगा राम अलोरिया के स्थान पर मुख्य सचिव बनाया गया है। अलोरिया भारतीय प्रशासनिक सेवा से 31 जुलाई, 2016 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

डॉ. सिंह इससे पूर्व गुजरात सरकार में अनेक महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं। वर्तमान में वह गुजरात सरकार के वित्त विभाग में अपर मुख्य सचिव पद पर कार्यरत थे।

वे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण में सदस्य वित्त भी रह चुके हैं। विशेष बात यह है कि डॉ. सिंह एक बहुत शानदार फोटोग्राफर भी हैं।

डॉ. जे.एन. सिंह ने दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से मास्टर्स की डिग्री प्राप्त की है। जबकि उन्होंने बड़ौदा की एम.एस. यूनिवर्सिटी से राजनीतिक अर्थशास्त्र में पी.एच.डी की उपाधि धारण की है।

फाइल फोटो