Monsoon

हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में मानसून की परिस्थितियाँ अनुकूल

नई दिल्ली,21 जून। भारत मौसम विज्ञान विभाग के राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार 24 व 25 जून के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब के अधिकांश हिस्सों में दक्षिण.पश्चिम मानसून (Monsoon ) के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हो रही है।

22 और 23 जून के दौरान मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ और हिस्सों तथा उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में और 24 व 25 जून के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब के अधिकांश हिस्सों में तथा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में  मानसून (Monsoon ) की परिस्थितियाँ अनुकूल हो रही है।

कम दबाव का क्षेत्र अब मध्य पाकिस्तान से दक्षिण पंजाब, हरियाणा, दक्षिण उत्तर प्रदेश, झारखंड, उत्तर तटीय ओडिशा और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर औसत समुद्र-तल से 0.9 किमी की ऊँचाई पर स्थित है।

दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश और आस-पास के क्षेत्र पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो अब समुद्र-तल से 1.5 किमी की ऊँचाई पर स्थित है।

इन प्रणालियों के प्रभाव से, अगले 4-5 दिनों के दौरान पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में अधिकांश स्थानों पर वर्षा (Rain) होने और अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की प्रबल सम्भावना है।

अगले 5 दिनों के दौरान मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अधिकांश स्थानों पर वर्षा होने और अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की सम्भावना है तथा 21-23 जून के दौरान विदर्भ में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की सम्भावना है।

उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 23 जून से वर्षा की गतिविधि बढ़ने की संभावना है। क्षेत्र में 23 जून से कुछ स्थानों पर वर्षा होने की सम्भावना है।