मौसम

देश भर में मॉनसून के और अधिक सक्रिय होने की उम्मीद

मौसम विभाग के अनुसार  इस हफ्ते देश भर में मॉनसून के और अधिक सक्रिय होने की उम्मीद है।

केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के घाट वाले इलाकों में अगले 48 घंटों के दौरान तेज बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के अतिरिक्त महानिदेशक  मृत्युंजय महापात्र ने नई दिल्ली में  मंगलवार को कहा कि बंगाल की खाड़ी पर कम दबाव का क्षेत्र बन गया है, जो मानसून को और अधिक सक्रिय बनाएगा।

इससे भारत के मध्यवर्ती राज्यों में अच्छी वर्षा की संभावना है।

पश्चिमी हिमालय पर मानसून के गहरे होने से जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और अन्य राज्यों में बारिश हो सकती है।

वहीं मौसम विज्ञान केंद्र भुवनेश्वर ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटों के दौरान ओडिशा के कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

राज्य के लगभग सभी हिस्सों में अगले दो दिनों तक लगातार वर्षा हो सकती है।

राज्य में तेरह तटीय और आंतरिक जिलों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। मछुआरों को सलाह दी जाती है कि वे 16 अगस्त तक समुद्र में प्रवेश न करें।