नई दिल्ली, 30 अगस्त। नीट-पीजी 2026 परीक्षा के दौरान जयपुर के आईओएन डिजिटल जोन आईडीजेड सीतापुरा केंद्र (टीसी नंबर 41682 और 41683) पर अप्रत्याशित तकनीकी व्यवधान के कारण 2,445 उम्मीदवारों की परीक्षा पूरी नहीं हो सकी।
एनबीईएमएस के अनुसार, परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी मेसर्स टीसीएस लिमिटेड के परीक्षा केंद्रों पर आंतरिक बिजली आपूर्ति से जुड़े मुद्दों के कारण यह व्यवधान हुआ।
एनबीईएमएस ने प्रभावित उम्मीदवारों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए उन्हें नीट-पीजी 2026 में निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराने के लिए पुन: परीक्षा आयोजित करने का फैसला किया है।
प्रभावित उम्मीदवारों की पुन: परीक्षा 5 सितंबर, 2026 को दोपहर 3 बजे जयपुर, राजस्थान में आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र और अन्य आवश्यक निर्देश संबंधित उम्मीदवारों को अलग से उपलब्ध कराए जाएंगे।
राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) ने देशभर में नीट-पीजी 2026 परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया। परीक्षा 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 339 शहरों में बनाए गए 1,111 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई।
एनबीईएमएस के अनुसार, परीक्षा के लिए कुल 2,73,096 उम्मीदवार निर्धारित थे, जिनमें से 2,65,980 उम्मीदवार परीक्षा में उपस्थित हुए। इनमें से करीब 2,63,535 उम्मीदवारों की परीक्षा सफलतापूर्वक पूरी हुई।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा और निगरानी के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। इसके लिए 2,527 संकाय सदस्यों को स्वतंत्र एप्रेजर नियुक्त किया गया था। वहीं, डीन, निदेशक, चिकित्सा अधीक्षक और वरिष्ठ प्रोफेसरों सहित 700 से अधिक वरिष्ठ संकाय सदस्यों को फ्लाइंग स्क्वाड में तैनात किया गया था।
एनबीईएमएस ने समन्वय और निगरानी को मजबूत करने के लिए देशभर में 16 क्षेत्रीय कमांड केंद्र भी सक्रिय किए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी के जरिये लाइव निगरानी की गई। द्वारका स्थित एनबीईएमएस मुख्यालय के कमांड सेंटर से परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी गई। इसके लिए एनबीईएमएस और टीसीएस के 190 कर्मियों की समर्पित टीम तैनात की गई थी।
एनबीईएमएस मुख्यालय में बनाए गए कमांड सेंटर में एनबीईएमएस, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, बीईएल, ईसीआईएल और टीसीएस के अधिकारियों ने पूरे दिन परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी की।
परीक्षा में फर्जीवाड़ा रोकने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों का आधार-आधारित प्रमाणीकरण भी किया गया। एनबीईएमएस ने कहा कि सरकारी एजेंसियों ने परीक्षा के सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन में पूरा सहयोग दिया।
हालांकि, जयपुर के आईओएन डिजिटल जोन आईडीजेड सीतापुरा केंद्र (टीसी नंबर 41682 और 41683) पर अप्रत्याशित तकनीकी व्यवधान के कारण 2,445 उम्मीदवारों की परीक्षा पूरी नहीं हो सकी। एनबीईएमएस के अनुसार, परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी मेसर्स टीसीएस लिमिटेड के परीक्षा केंद्रों पर आंतरिक बिजली आपूर्ति से जुड़े मुद्दों के कारण यह व्यवधान हुआ।
एनबीईएमएस ने प्रभावित उम्मीदवारों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए उन्हें नीट-पीजी 2026 में निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराने के लिए पुन: परीक्षा आयोजित करने का फैसला किया है।
प्रभावित उम्मीदवारों की पुन: परीक्षा 5 सितंबर, 2026 को दोपहर 3 बजे जयपुर, राजस्थान में आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र और अन्य आवश्यक निर्देश संबंधित उम्मीदवारों को अलग से उपलब्ध कराए जाएंगे।
एनबीईएमएस ने कहा कि 339 शहरों में 1,111 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन परीक्षा अधिकारियों, चिकित्सा संस्थानों, संकाय सदस्यों, सुरक्षा एजेंसियों, तकनीकी टीमों और अन्य संबंधित पक्षों के बीच व्यापक समन्वय का परिणाम है।
बोर्ड ने परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों के सहयोग, धैर्य और विश्वास के लिए उनका आभार जताया तथा नीट-पीजी 2026 के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी कर्मियों और संस्थानों के प्रयासों की सराहना की।
Follow @JansamacharNews



