terrorists

पाकिस्तान ने फिर किया संघर्ष-विराम का उल्लंघन, गोलीबारी में 2 लोगों की मौत

जम्मू, 13 मई (जनसमा)। जम्मू एवं कश्मीर के राजौरी जिले में शनिवार को नियंत्रण रेखा पर भारतीय और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच भारी गोलीबारी हुई। इस गोलीबारी में पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष-विराम का उल्लंघन करते हुए भारी संख्या में मोर्टार दागे जिससे दो भारतीय नागरिकों की मौत की खबर है। साथ ही तीन अन्य लोग घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है।

रक्षा सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान की सेना ने नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास स्थित भारतीय चौकियों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। वे छोटे हथियारों और स्वचालित हथियारों का इस्तेमाल कर रहे हैं और मोर्टार दाग रहे हैं। उन्होंने सुबह 7.15 बजे गोलीबारी शुरू कर दी। भारतीय सेना उनके हमले का करारा जवाब दे रही है।

भारी फायरिंग को देखते हुए प्रशासन ने नियंत्रण रेखा के पास नौशेरा, किला दरहल और मंजाकोट में सभी स्कूलों को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि बीते तीन दिनों से पाकिस्तान लगातार संघर्ष-विराम का उल्लंघन हो रहा है। शुक्रवार को पाकिस्तान ने जम्मू जिले के अरनिया में अंतराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष-विराम का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी की थी। पाकिस्तानी रेंजर्स ने बाड़ पर काम कर रहे भारतीय सैनिकों को निशाना बनाने की कोशिश की थी। इसके बाद भारत की तरफ से भी जवाबी कार्रवाई की गई थी। इसके पहले बुधवार और गुरुवार को भी पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की गई थी जिसमें एक महिला की मौत हो गई थी। नौशेरा सेक्टर में गोलीबारी के चलते ही सीमा पर स्कूलों पर बंद करा दिया गया था और स्थानीय लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया था।