Prime Minister Modi said in Rajasthan, the opposition has accepted defeat

राजस्थान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, विपक्ष हार मान चुका है

अजमेर, 6 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहाँ आयोजित एक चुनाव सभा में कहा कि मतदान से पहले ही विपक्ष हार मान चुका है। राजस्थान के अजमेर में मेरे परिवारजनों का उमड़ा ये हुजूम साफ संकेत है कि हम तीसरी बार भी भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में कभी-कभी ऐसे मौके आते हैं, जब उस देश के नागरिकों का एक फैसला अगले सैकड़ों वर्षों का भविष्य तय करता है। 2024 का ये चुनाव, ऐसा ही बड़ा अवसर है।

उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस जहां रहती है, वहां विकास नहीं हो सकता। कांग्रेस ने ना कभी गरीब की परवाह की और ना ही कभी वंचितों-शोषितों-युवाओं के बारे में सोचा। कांग्रेस के लिए यही कहा जा सकता है- एक तो करेला, दूसरे नीम चढ़ा। एक तो परिवारवादी पार्टी और दूसरा, उतनी ही भ्रष्टाचारी पार्टी।

कांग्रेस घोषणा पत्र पर टिप्पणी करते हुए मोदी ने कहा कांग्रेस के घोषणापत्र में वही सोच झलकती है, जो सोच आजादी के समय मुस्लिम लीग में थी। मुस्लिम लीग के समय के विचारों को कांग्रेस आज भारत पर थोपना चाहती है। कांग्रेस के समय में गाँव-गरीब, किसान मजदूर का जीना मुहाल था। हर दिन अखबारों में या तो घोटालों की खबरें छपती थीं या फिर, आतंकी हमलों की खबरें आती थीं। लेकिन, 2014 से देश में एक बड़े बदलाव की शुरुआत हुई।

मोदी जी ने कहा कि राजस्थान वीर माताओं की भूमि है, पहले केवल राजस्थान के बेटे सेना में जा सकते थे, लेकिन मोदी सरकार ने बेटियों के लिए भी सैन्य स्कूल के दरवाजे खोल दिए हैं। केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं को प्रसव के बाद 26 हफ्तों का अवकाश दिया जाता है। भाजपा सरकार ने संसद में तीन दशकों से अटका हुआ नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित कराकर महिलाओं को आरक्षण प्रदान किया है। आज दुनिया में महिला पायलट का सबसे अधिक प्रतिशत भारत में है। आज इसरो के बड़े बड़े प्रोजेक्ट महिलाएं संभाल रही हैं। बीते 10 वर्षों में महिला कल्याण के लिए अनेक अभूतपूर्व कदम उठाए गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि “अभी तो यह ट्रैलर है, अभी तो भारत को बहुत आगे लेकर जाना है।” भारत की जनता का सपना, मोदी का संकल्प है। 2047 तक भारत को विकसित, विश्व की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत और आत्मनिर्भर बनाना है। यह सब तभी संभव है जब देश की आधी आबादी की भागीदारी का विस्तार होगा और देश की माताओं बहनों और बेटियों को सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। आज देश की नारीशक्ति भी मोदी को जिताने के लिए संकल्पित है।