Sonia Gandhi from Rajasthan and JP Nadda from Gujarat were elected unopposed

सोनिया गांधी राजस्थान से और जेपी नड्डा गुजरात से निर्विरोध चुने गए

नई दिल्ली, 20 फरवरी। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी राजस्थान से राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुनी गई हैं, वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी गुजरात से निर्विरोध चुन लिए गए हैं।

इसके साथ ही मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए बीजेपी के एल मुरुगन, उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया, बंशीलाल गुर्जर हैं। वहीँ कांग्रेस से अशोक सिंह निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुने गए हैं।

सोनिया गांधी रायबरेली सीट से लोकसभा में 6 कार्यकाल पूरे करने के बाद संसद के उच्च सदन में यह उनका पहला कार्यकाल है।

सोनिया गांधी ने 15 फरवरी को राजस्थान से राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया और घोषणा की कि वह लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी।

सोनिया गांधी के अलावा, राजस्थान से भाजपा के चुन्नीलाल गरासिया और मदन राठौड़ उच्च सदन के लिए निर्विरोध चुने गए हैं।

राजस्थान में राज्यसभा की 10 सीटें हैं। इसके साथ ही कांग्रेस के पास 6 और बीजेपी के पास 4 सांसद हो जाएंगे।

राज्यसभा के प्रमुख सचिव एवं राज्यसभा रिटर्निंग अधिकारी महावीर प्रसाद शर्मा ने बताया कि राजस्थान से राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव-2024 के लिए तीन सीटों पर तीनों उम्मीदवार निर्विरोध घोषित किये गये हैं।

राजस्थान के राज्यसभा सदस्य डाॅ. मनमोहन सिंह (कांग्रेस) और भूपेन्द्र सिंह (भाजपा) का कार्यकाल 3 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। यह चुनाव रिक्त सीट पर हुआ है, क्योंकि बीजेपी के राज्यसभा सदस्य किरोड़ी लाल मीणा ने विधायक चुने जाने के बाद दिसंबर 2023 में राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।