Heat wave

देश में सबसे अधिक तापमान भुज में 45.8 डिग्री, दिल्ली में 40 डिग्री

नई दिल्ली, 14 अप्रैल (जनसमा)। देश के अनेक भागों में गुरूवार को तेज गर्मी की लहर अनुभव की गई। सबसे अधिक भीषण गर्मी का कहर गुजरात के भुज में दर्ज किया गया। वहां पारा  देश में अधिकतम में 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर 5.1 डिग्री सेल्सियस या अधिक पश्चिम राजस्थान और सौराष्ट्र एवं कच्छ के अधिकतर स्थानों, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर, राजस्थान और गुजरात क्षेत्र के अधिकतर जगहों पर सामान्य से ऊपर 3.1 डिग्री सेल्सियस से लेकर 5.0 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है|

राष्ट्रीय राजधानी में गर्मी और धूप की वजह से पारा अधिकतम 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, इस मौसम में यह पहली बार है कि तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

बीते पांच वर्षो में दिल्ली में इस बार 13 अप्रैल सबसे गर्म रहा। दिल्ली के कुछ हिस्सों में तापमान शहर के औसत अधिकतम से भी ज्यादा गर्म रहा।

हालांकि न्यूनतम तापमान गुरुवार को 19.9 डिग्री सेल्सियस रहा, यह मौसम के औसत से एक डिग्री नीचे रहा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “दिल्ली में आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी। अगले सप्ताह से दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पर होगा।”

आज ही के दिन (13 अप्रैल) 2016 में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस था। इसी तरह 2015 में 13 अप्रैल को तापमान 29 डिग्री, 2014 में 37 डिग्री, 2013 में 36 डिग्री और 2012 में 35 डिग्री सेल्सियस था।

मध्य प्रदेश और पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली और मध्य महाराष्ट्र के कुछ स्थानों पर कई जगह, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों; तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई स्थानों पर सामान्य से ऊपर 1.6 डिग्री सेल्सियस से लेकर 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पश्चिम राजस्थान पर कुछ जगहों और सौराष्ट्र, कच्छ, गुजरात क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर गंभीर गर्मी की लहर देखी गई।