ट्रेडिंग फिल्मों में ‘सुल्तान’, ‘कबाली’ शीर्ष पर : गूगल इंडिया

नई दिल्ली, 15 दिसंबर | बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत और दिशा पटानी अभिनीत फिल्म ‘एम.एस. धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी’ और सुपरस्टार सलमान खान की फिल्म ‘सुल्तान’ को साल 2016 में गूगल पर सबसे अधिक बार सर्च किया गया। गूगल इंडिया ने साल 2016 में भारतीयों द्वारा गूगल पर सबसे अधिक बार सर्च किए गए महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और हस्तियों के नामों की सूची जारी की।

बॉलीवुड हस्तियों में सबसे ज्यादा सर्च किए गए अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत और अभिनेत्री दिशा पटानी हैं। इसके साथ ही उर्वशी रौतेला, पूजा हेगड़े और मंदाना करीमी को भी लोगों ने सर्च किया।

सुशांत के बाद सबसे अधिक सर्च किए गए बॉलीवुड अभिनेताओं में कबीर बेदी, हर्षवर्धन कपूर, पुलकित सम्राट और सलमान खान रहे।

फिल्मों में सबसे अधिक सर्च किए जाने की सूची में सलमान खान की फिल्म ‘सुल्तान’ शीर्ष पर रही। उसके बाद सुपरस्टार रजनीकांत की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कबाली’ रही। इसके अलावा शाहिद कपूर की फिल्म ‘उड़ता पंजाब’, अक्षय कुमार की फिल्म ‘एयरलिफ्ट’ और रणबीर कपूर व अनुष्का शर्मा अभिनीत फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’ ने भी इस सूची में जगह बनाई। –आईएएनएस