Flood

दिल्‍ली में यमुना नदी का जलस्‍तर खतरे के निशान के पार

दिल्‍ली में यमुना नदी का जलस्‍तर खतरे के निशान को पार कर गया है। वहीं भारी बारिश और बाढ़ के कारण देश भर में
537 लोगों की जान गई है। दिल्‍ली में लोहे के पुराने पुल पर जलस्‍तर खतरे के निशान को पार कर गया है।

बाढ़ नियंत्रण अधिकारी ने बताया कि निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्‍थानों पर पहुंचाया दिया गया है। सेना और राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल को सतर्क कर दिया गया है।

उधर उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के कारण इस साल अब तक 65 लोगों की मौत हो चुकी है और 225 से ज्यादा मकान गिर चुके हैं। उत्‍तर प्रदेश के पश्चिमी, पूर्वी और बुंदेलखंड क्षेत्रों के 35 जिलों में हुई भारी बारिश से 65 लोगों की मौत हो गई है।

बारिश से जुड़ी घटनाओं में 57 लोग घायल भी हुए हैं और करीब 400 मकानों को नुकसान पहुंचा है।

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने वर्षा से जुड़ी घटनाओं में मारे गए प्रत्‍येक व्‍यक्ति के परिवार को चार लाख रूपये की सहायता देने की घोषणा की है।

इस साल बरसात और बाढ़ के कारण देश में 537 लोगों की जान गई है। इसमें महाराष्ट्र सबसे अधिक बुरी तरह प्रभावित राज्य है जहां 140 लोगों की मौत हो चुकी है। अन्य राज्यों की बात करें तो दूसरा नंबर केरल का है जहां 126 लोग मौत के शिकार हुए हैं। पश्चिम बंगाल में 116, उत्तर प्रदेश में 65, गुजरात में 52 और आसाम में 34 लोगों की मौत हुई है।