रघुवंश प्रसाद सिंह

दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह का निधन

नई दिल्ली, 12 सितंबर। बिहार के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह का आज निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(एम्स) में उनका उपचार चल रहा था और अचानक कल उनकी तबियत ज्यादा खराब होने पर वेंटिलेटर पर रखा गया था और वहीं उन्होंने अंतिम साँस ली।

पिछले सप्ताह उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने एम्स से अपने हाथ से काग़ज पर अपना त्यागपत्र लिखकर भेजा था।

स्व. रघुवंश प्रसाद सिंह संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के पहले कार्यकाल में ग्रामीण विकास मंत्री थे और उन्हीं के कार्यकाल में 2005 में नरेगा यानी महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम योजना शुरू की गई थी।

उन्हे इसी साल जून के महीने में कोरोना हो गया था और वे ठीक भी हो गए थे ।

बाद  में उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के  कारण उन्हें दिल्ली में एम्स में भर्ती कराया गया। बताया जाता है कि उनकी हालत शुक्रवार देर रात   बिगड़ गई थी।

स्व. रघुवंश प्रसाद सिंह को भारत के सबसे बड़े कल्याण कार्यक्रम ग्रामीण रोजगार गारंटी  योजना के वास्तुकार के रूप में जाना जाता है।