राजद-जदयू-कांग्रेस सरकार द्वारा लोकतंत्र की हत्या

बिहार में राजद-जदयू-कांग्रेस सरकार द्वारा लोकतंत्र की हत्या

शांतिपूर्ण मोर्चे पर इस प्रकार लाठी बरसाना सरेआम गुंडागर्दी — भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े
नई दिल्ली, 13 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं बिहार प्रदेश भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े ने एक प्रेस वक्तव्य में कहा है कि बिहार में राजद-जदयू-कांग्रेस सरकार द्वारा लोकतंत्र की हत्या है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले निहत्थे और निरीह लोगों पर लाठियां चलवाने का काम करने वाली महागठबंधन की सरकार ने बापू और जेपी के विचारों का पूर्णत: त्याग करके उन्हें गंगा जी में प्रवाहित कर दिया है।

तावड़े ने कहा कि नीतीश सरकार ने पूर्वनियोजित तरीके से पानी, आंसू गैस और लाठी के द्वारा भाजपा मोर्चे में आई जनता को पीटना शुरू किया है। एक शांतिपूर्ण मोर्चे पर इस प्रकार लाठी बरसाना सरेआम गुंडागर्दी है।

भाजपा के कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ता और जहानाबाद के महामंत्री विजय कुमार सिंह जी की लाठीचार्ज से हुई मृत्यु पर शोक जताते हुए उन्होंने कहा “मैं स्तब्ध हूँ! एक पूर्णतः लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण मार्च में नीतीश कुमार की पुलिसिया कार्रवाई में लाठियों से पीटकर भाजपा जिला महामंत्री विजय कुमार सिंह जी की हत्या कर दी गई। क्या अन्याय का विरोध करना इतना बड़ा अपराध है कि सरेआम लाठी भांजकर हत्या कर दी जाए?”