रंगारंग समारोह के साथ रियो पैरालम्पिक का समापन

रियो डी जनेरियो, 19 सितम्बर | बेहतरीन रोशनी, रंगों और शानदार संगीत के साथ यहां माराकाना स्टेडियम में पैरालम्पिक खेलों को विदाई दी गई। रियो पैरालम्पिक खेलों के सामपन समारोह की थीम ‘जैव विविधता : हमारी प्ररेणा’ थी।

समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, रविवार को हुए समापन समारोह की शुरुआत 16 व्हीलचेयर डांसर के नृत्य से हुई। इस समारोह में ब्राजील के बैंड सेपुलटुरा के गिटारवादक अंद्रेस किसर के साथ बिना हाथ वाले एक गिटारवादक की शानदार जुगलबंदी से सबका दिल जीत लिया।

अंतर्राष्ट्रीय पैरालम्पिक समिति (आईपीसी) के अध्यक्ष फिलिप क्रैवेन के भाषण के बाद ऑटिज्म से पीड़ित गायक साउलो लुकास ने ब्राजील का राष्ट्रीय गान गाया।

इसके बाद हिस्सा लेने वाले 160 देशों के दल से हर एक खिलाड़ी ने अपने देश का झंडा थामकर परेड में हिस्सा लिया है।

अमेरिका की ट्रैक एंड फील्ड खिलाड़ी तात्याना मैक्फैडन और सीरिया के तैराक इब्राहीम अल हुसैन को व्हांग युआन डेई पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार 1988 से हर पैरालम्पिक खेलों में एक महिला एवं पुरुष खिलाड़ी को खेल भावना को बढ़ाने और दूसरे खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए दिया जा रहा है।

संगीतकार डेनियल सैंटियागो, प्रेडो मार्टिस और मेस्ट्रिंहो ने समारोह में आईपीसी का आधिकारिक गीत गाया।

रियो के बाद अगले पैरालम्पिक खेलों का आयोजन जापान की राजधानी टोक्यो में किया जाएगा। इस समारोह में जापान का राष्ट्रीय गान भी बजाया गया। इसके बाद टोक्यो के गर्वनर योरिको कोइके ने पैरालम्पिक खेलों का झंडा स्वीकार किया।

समारोह के बाद रियो पैरालम्पिक की आयोजन समिति के अध्यक्ष कार्लोस अर्थर नुजमैन ने अपने भाषण में कहा कि पैरालम्पिक खेल शानदार रहे।

क्रैवेन ने कहा कि ब्राजील और रियो डी जनेरियो के लोगों ने शानदार सहयोग दिया।

–आईएएनएस