BJP President

अमित शाह का मंगलवार से दो दिन का अंडमान एवं निकोबार दौरा

नई दिल्ली, 05 जून (जनसमा)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मंगलवार से दो दिन के दौरे पर अंडमान एवं निकोबार जाएंगे। वे देश के सभी राज्यों में 110 दिनों के अपने विस्तृत प्रवास कार्यक्रम के तहत अंडमान एवं निकोबार की यात्रा करेंगे।

भाजपा अध्यक्ष 06 जून को दोपहर 12 बजे पोर्ट ब्लेयर पहुंचेगे जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। वे 12:15 बजे नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। अपराह्न 2 बजे गवर्नमेंट गेस्ट हाउस, पोर्ट ब्लेयर में प्रदेश कोर ग्रुप की मीटिंग में भाग लेंगे और राज्य में भारतीय जनता पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। तत्पश्चात् वे तीन बजे प्रदेश कार्यालय पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों के साथ एक मीटिंग करेंगे। सायं 5:30 बजे डॉ अंबेडकर ऑडिटोरियम, पोर्ट ब्लेयर में वे समाज के प्रबुद्ध वर्ग के लोगों के साथ बैठक करेंगे और पार्टी की विचारधारा एवं नीतियों पर विस्तार से प्रकाश डालने के साथ-साथ कई अन्य मुद्दों पर भी उनसे चर्चा करेंगे।

भाजपा अध्यक्ष 07 जून को सुबह 8:30 बजे बूथ संख्या 223, डेयरी फार्म पहुंचेंगे। वे यहाँ बूथ अध्यक्ष महादेवराव जी के निवास पर सुबह का नाश्ता करेंगे। शाह सुबह 9:30 बजे बूथ संख्या 223 में आयोजित बूथ कमिटी मीटिंग को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के पश्चात् भाजपा अध्यक्ष सुबह 10:45 बजे डॉ अंबेडकर ऑडिटोरियम, पोर्ट ब्लेयर में भाजपा के राज्य में चुने हुए जन-प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे और उनके साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे।

याद रहे देश भर में चार लाख से अधिक कार्यकर्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशती कार्य विस्तारक योजना के तहत 15 दिन, 6 महीना और एक साल के लिए देश भर में पूर्णकालिक के रूप में बूथ-स्तर पर पार्टी की मजबूती के लिए काम कर रहे हैं।