श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर

काशी, अयोध्या और प्रयागराज बना पर्यटकों का सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन

लखनऊ, 5 जनवरी। दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर उत्तर प्रदेश के काशी, अयोध्या और प्रयागराज पर्यटकों के सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन हैं ।

उत्तर प्रदेश आने वाले पर्यटकों की संख्या 2022 में जहां 31.85 करोड़ थी तो वहीं 2023 के शुरुआती 9 महीने में ही 32 करोड़ से अधिक पर्यटकों ने उत्तर प्रदेश को एक्सप्लोर किया है। इसमें बड़ी संख्या विदेशी पर्यटकों की भी है।

प्रदेश में सर्वाधिक पर्यटकों ने काशी का रुख किया, जबकि प्रयागराज और अयोध्या आने वाले सैलानियों की संख्या भी करोड़ों में रही।

काशी पहुंचे 8.42 करोड़ सैलानी
साल 2023 में जनवरी से लेकर सितंबर तक उत्तर प्रदेश आने वाले देसी सैलानियों की संख्या 31 करोड़ 91 लाख 95 हज़ार 206 रही वहीं 9 लाख 54 हज़ार 866 विदेशी पर्यटक भी यूपी पहुंचे। इनमें भी सर्वाधिक संख्या वाराणसी पहुंचने वाले पर्यटकों की रही।

जनवरी से सितंबर तक कुल 8,42,04,814 पर्यटक काशी पहुंचे। इनमें देसी पर्यटकों की संख्या 8,40,71,726 जबकि विदेश पर्यटकों की संख्या 1,33,088 रही।

काशी के बाद सैलानियों की दूसरी पसंद प्रयागराज रही। यहां कुल 4,49,95,996 पर्यटक साल 2023 में जनवरी से सितंबर तक पहुंचे। इनमें देसी पर्यटकों की संख्या जहां 4,49,93,289 रही वहीं 2,707 विदेशी पर्यटक भी प्रयागराज पहुंचे।

इसी प्रकार तीसरे नंबर पर अयोध्या आने वाले पर्यटकों की संख्या रही। जनवरी 23 से सितंबर 23 तक कुल 2,03,64,347 पर्यटक अयोध्या पहुंचे। इनमें देसी पर्यटकों की संख्या 2,03,62,713 रही जबकि विदेशी पर्यटकों की संख्या 1,634 दर्ज की गई। यह भी उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश आने वाले पर्यटकों की सर्वाधिक संख्या जनवरी और जुलाई माह में दर्ज की गई है, जो कि 5.56 से 5.80 करोड़ के बीच रही।