Modi

कॉल सेवा के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं से बात करेंगे मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 दिसम्बर 2017, मंगलवार सुबह 09:30 बजे से ऑडियो ब्रिज कॉल सेवा के माध्यम से गुजरात भाजपा के ओबीसी मोर्चा के सभी जिला, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर के प्रभारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ-साथ ओबीसी समाज के सांसदों एवं विधायकों से सीधा संवाद करेंगे।

भाजपा के केन्द्रीय कार्यालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में जानकारी दी कि  प्रधानमंत्री संवाद के विविध माध्यमों से जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं से जुड़े रहने वाले लोकप्रिय जननेता हैं। वे सरकार के स्तर पर mygov.in के फीडबैक प्रणाली एवं “मन की बात” जैसे संवाद कार्यक्रमों के जरिये देश की जनता से नियमित संवाद करते हैं तो वहीँ पार्टी कार्यकर्ताओं से भी ऑडियो ब्रिज आदि के माध्यम से संवाद करते रहे हैं। उन्होंने हाल ही में ओखी प्राकृतिक आपदा के समय गुजरात के समुद्र तटीय क्षेत्रों के लोगों एवं अनुसूचित जाति/ जनजाति के पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया था।

विज्ञप्ति के अनुसार प्रधानमंत्री ने दीपावली के दिन गुजरात और वाराणसी के 25,000 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ऑडियो ब्रिज के माध्यम से संवाद किया था। हाल ही में उन्होंने भाजपा की महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के साथ भी नमो एप के जरिये संवाद किया था।