Rains

मुंबई, केरल तथा देश के कुछ इलाकों में भारी बारिश

नई दिल्ली, 19 सितंबर (जनसमा)।  मुंबई, केरल के वायनाड़ और कासरकोड़ तथा देश के कुछ इलाकों में मंगलवार को भारी बारिश हुई है।  मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान ओडिशा में भारी वर्षा हो सकती है।

कोंकण; छत्तीसगढ़ के दूरदराज  के स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा और मध्य महाराष्ट्र; पूर्व मध्य प्रदेश, विदर्भ, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, तटीय कर्नाटक, रायलसीमा और केरल में भारी बारिश की संभावना हे।

मुंबई में मंगलवार को भारी बारिश के कारण महानगर का जनजीवन अस्त-व्यस्त होगया। वाहनों की रफ्तार धीमी होगई और उपनगरीय रेलगाड़ियों की आवाजाही में रुकावटें आई हैं। लोगों को आज की बारिश ने पिछले महीने की मूसलाधार बारिश की यादें ताजा करदी है।

दिन में कई इलाकों में दृश्यता में गिरावट आई, इससे यातायात बाधित हुआ। मुंबई हवाईअड्डे पर रनवे के संचालन को कुछ समय के लिए निलंबित कर दिया गया था, जिसके दौरान कुछ उड़ानों को पास के हवाई अड्डों की ओर भेजा गया ।

शहर के कई हिस्सों और दक्षिण मुम्बई, बोरिवली, कांदीवली, अंधेरी और भाण्डुप सहित उपनगरों में भारी बारिश हुई है।

केरल में 

केरल में कुछ दिनों की मूसलाधार भारी वर्षा के बाद राज्‍य में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून कमजोर पड़ गया है। आज हल्‍की वर्षा रिकॉर्ड की गई।

वायनाड़ और कासरकोड़ जिलों में भारी बारिश हुई। नजदीक के पहाड़ी क्षेत्रों में दो दिन लगातार हुई वर्षा के कारण आ रहे पानी से अलापुझा जिले में जलस्‍तर बढ़ने से बाढ़ जैसी स्थिति है। कृषि भूमि जलमग्‍न हो गई है और प्रमुख नदियां उफान पर हैं।

इडुक्‍की जिले में भूस्‍खलन की घटनाएं हुईं। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य चलाए जा रहे हैं।

ओडिशा

बंगाल की खाड़ी के ऊपर समुद्री चक्रवात कम दवाब के क्षेत्र में बदलने से अगले 24 घण्‍टों के दौरान ओडिशा में भारी वर्षा हो सकती है। मौसम कार्यालय ने अगले 24 घण्‍टों में उत्‍तरी और दक्षिणी ओडिशा के कुछ जिलों में भारी वर्षा और एक दो स्‍थानों पर मुसलाधार वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। दक्षिणी तटवर्तीय ओडिशा में उत्‍तरी – पश्चिमी दिशा से 45 से 50 किलोमीटर प्रतिघण्‍टा की रफ्तार से आने वाला चक्रवाती तूफान दक्षिणी तटवर्तीय ओडिशा में 60 किलोमीटर प्रतिघण्‍टा की रफ्तार पकड़ सकता है।