नड्डा

नड्डा ने भाजपा की जीत के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का आग्रह किया

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं से दो विधानसभा क्षेत्रों और एक लोकसभा चुनाव क्षेत्र के लिए होेने जा रहे उप-चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए समर्पण और समन्वय के साथ कार्य करने का आग्रह किया।

कुल्लू के देव सदन में 05 जुलाई, 2021 को आयोजित मंडी भाजपा संसदीय क्षेत्र के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों, कार्यक्रमों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से उजागर करना चाहिए ताकि भाजपा को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा सके।

नड्डा ने कहा कि पार्टी पदाधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि वे नए जोश के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता किसी भी संगठन की रीढ़ होते हैं और उन्हें अपने नेतृत्व की आकांक्षाओं पर खरा उतरना चाहिए।

नड्डा ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से अस्पतालों का दौरा करने और जरूरतमंदों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोग भाग्यशाली हैं कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश से हैं। इस प्रकार यह प्रदेश के लोगों पर एक बड़ी जिम्मेदारी है कि वे उस राजनीतिक दल को अपना भरपूर सहयोग दें जिसकी अध्यक्षता यहां के धरती पुत्र कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लगभग डेढ़ वर्ष कोविड महामारी के प्रतिकूल प्रभाव के बावजूद प्रदेश सरकार का साढ़े तीन वर्ष का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है। लाॅकडाउन और कोविड मामलों में वृद्धि के बावजूद प्रदेश सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि विकास की गति निर्बाध रूप से जारी रहे।

जय राम ठाकुर ने कहा कि  प्रदेश के सभी लोकसभा चुनाव क्षेत्रों और उसके उपरांत दो उप-चुनावों में भाजपा की जीत इस बात का प्रमाण है कि वर्तमान राज्य सरकार ने बेहतरीन कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थानों और स्थानीय शहरी निकायों के चुनावों में भी भाजपा का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा।

जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की पूर्व कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल और वर्तमान सरकार के साढ़े तीन वर्ष की कोई तुलना नहीं हो सकती क्योंकि वर्तमान सरकार ने सभी क्षेत्रों में विकास की गति को बढ़ाया है।

पूर्व कांग्रेस सरकार ने पहली जनवरी, 2013 से 30 जून, 2016 तक अपने पहले साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में 1585 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जबकि वर्तमान सरकार ने पहली जनवरी, 2018 से 30 जून 2021 तक 2951 किलोमीटर सड़कें निर्मित की।

इसी प्रकार पूर्व कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान 3309 किलोमीटर सड़कों की टारिंग की जबकि वर्तमान भाजपा सरकार ने अभी तक 5354 किलोमीटर सड़कों की टारिंग की है। पूर्व सरकार के समय में 145 पुलों का निर्माण किया गया और 261 गांवों को सड़क सुविधा प्रदान की गई जबकि वर्तमान सरकार 216 पुलों का निर्माण कर चुकी है और 305 गांवों को सड़कों से जोड़ा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में नाबार्ड के अंतर्गत 1460 करोड़ रुपये की 333 परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं जबकि पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 886.44 करोड़ रुपये की 226 परियोजनाएं मंजूर हुई थी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में केंद्रीय सड़क अधोसंरचना फंड के अंतर्गत 941.66 करोड़ रुपये की 40 परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं जबकि पूर्व कांग्रेस सरकार केवल 301.53 करोड़ रुपये की परियोजनाएं ही स्वीकृत करवा पाई थी। इसी प्रकार प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत वर्तमान सरकार ने 2801 करोड़ रुपये की 624 परियोजनाएं स्वीकृत करवाने में सफलता प्राप्त की है जबकि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में केवल 1182 करोड़ रुपये की 431 परियोजनाएं मंजूर हुई थीं।

जय राम ठाकुर ने कहा कि जन मंच और मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन जैसी योजनाएं राज्य के लोगों की शिकायतों के निवारण में वरदान साबित हो रही हैं। मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को 3.15 लाख गैस कनेक्शन वितररित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, हिमकेयर तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत लाखों व्यक्तियों को स्वास्थ्य देखभाल सुविधा प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लम्बे समय से बीमार रोगियों के परिवार को सहारा योजना के तहत 3000 रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। इस योजना पर 30.57 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं जिससे 14,260 व्यक्ति लाभान्वित हुए हैं।

सांसद और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का स्वागत किया। उन्होंने राज्य में पार्टी का आधार मजबूत करने के लिए भाजपा द्वारा चलाई जा रहीं विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकरी दी।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने नौ जिला परिषदों, 67 पंचायत समितियों, चार में से दो नगर निगमों और कुल 29 नगर पंचायतों में से 18 पर विजय प्राप्त की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोविड महामारी के दौरान जरूरतमंदों को हर संभव सहायता प्रदान की है।

शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डाॅ. राम लाल मारकंडा, राज्य भाजपा के सह-प्रभारी संजय टंडन, विधायक सुरेंद्र शौरी, किशोरी लाल, हीरा लाल, राकेश जमवाल, विनोद कुमार, जवाहर ठाकुर एवं इंद्र सिह गांधी, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, संगठन सचिव पवन राणा, मुख्यमंत्री के ओएसडी शिशु धर्मा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जमवाल सहित क्षेत्र के अन्य स्थानीय नेता भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

.